मिर्जापुर: हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार विवाहिता की दर्दनाक मौत

शिक्षक पति के साथ जा रही थी दवा लेने

​अदलहाट (मिर्जापुर)। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 33 वर्षीय विवाहिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना हाजीपुर गांव के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
​​जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवां गांव निवासी शिक्षक शिव पूजन यादव अपनी पत्नी सुनीता यादव (33 वर्ष) को बाइक पर बैठाकर कौड़ियांकला स्थित एक निजी चिकित्सक के पास दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास पहुंची, वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी सुनीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हाईवा लेकर फरार हो गया, जिसे बाद में ग्रामीणों की सूचना पर घेराबंदी कर अहरौरा पुलिस ने पकड़ लिया।
​परिवार में मचा कोहराम
​हादसे की खबर मिलते ही मृतिका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थाने पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतिका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है,  जिनमें:
​एक 9 वर्ष की बेटी
​एक 5 वर्ष का बेटा
​​घटना की सूचना पर तत्काल पहुंची अदलहाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी हाईवा को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *