फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में ईट भ_े के पास टहलने गई महिला को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ चल रही नातिन बाल-बाल बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे ले लिया है। मृतका के पति दो माह पूर्व ही एडीओ पंचायत कमालगंज के पद से सेवानिवृत हुए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम बरौन निवासी सुभाष चंद्र कठेरिया गुरुवार सुबह तडक़े पत्नी विरमा देवी 55 वर्ष और अन्य परिजनों के साथ टहलने गए। उनका गांव के बाहर पेट्रोल पंप भी है। बरौन खुंबरपुर मार्ग पर सुभाष आगे टहल रहे थे। उनके पीछे विरमा देवी अपनी नातिन के साथ टहलते हुए आ रही थीं, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने विरमा देवी को टक्कर मार दी। जिससे उनका सिर फटने से मौत हो गई। पति ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे पुत्र अनुराग सहित अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना मऊदरवाजा पुलिस भी मौके पर आ गई। उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने चालक को भी हिरासत में ले लिया है।
टहलने गई पूर्व एडीओ पंचायत की पत्नी को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत
