कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम कोहनी नगला निवासी महिला सपना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहां ससुराल पक्ष इसे करंट लगने से हुई घटना बता रहे हैं, वहीं मायके वालों ने पति और ससुरालीजनों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका सपना की शादी को कुछ ही वर्ष हुए थे। घटना के बाद ससुरालवालों ने मायके पक्ष को सूचना दी कि सपना की करंट लगने से मौत हो गयी है, लेकिन जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने गले पर निशान होने के चलते गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई है। सूचना पर कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। साथ ही पति और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ शुरू कर दी है। मायके पक्ष का आरोप है कि हमारी बेटी को पहले भी कई बार दहेज और घरेलू विवाद को लेकर प्रताडि़त किया गया था। आज उसे मार डाला गया और झूठ बोलकर करंट लगने की कहानी बनाई जा रही है। उन्होंने सख्त कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। थाना कमालगंज प्रभारी ने बताया महिला की मौत संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।