फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूृज। मार्ग दुर्घटना में घायल एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी घायल हो गया। जिसे हरपालपुर स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत बिगडऩे पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव हरिहर निवासी 28 वर्षीय नारायण राठौर अपने साथी 18 वर्षीय अनमोल के साथ हरदोई जनपद के साण्डी कस्बे गए थे। वापसी के दौरान हरपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव लालमन के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान नारायण राठौर की मौत हो गई। मृतक नारायण राठौर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे लोहिया अस्पताल पहुंचे। घायल अनमोल को बाद में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि नारायण साण्डी क्यों गया था। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत, साथी घायल
