सत्यगिरि महाराज ने मध्यस्थता कर मामला कराया शांत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। श्रीरामनगरिया मेले में ठेली दुकानदारों को एडीएम के आदेश पर पुलिस ने हटवा दिया। जिसको लेकर ठेली वाले उग्र हो गये और नारेबाजी करते हुए मेला कार्यालय पहुंचकर मेला व्यवस्थापक संजय मिश्रा से कहा कि जब हम लोगों की रसीद काटी गयी है, तो ठेली क्यों नहीं लगने दी जा रही है। कुछ ठेली दुकानदारों ने बताया कि पैसा वापसी लेने की भी बात उनसे कही गयी है। कुछ ने कहा कि हमारी रसीद नहीं काटी जा रही है। इस संदर्भ में संजय मिश्रा ने सभी ठेली दुकानदारों को समझाया कि हम अधिकारी से बात करके बतायेंगे और उन्होंने यह भी कहा कि ठेली दुकानदारों को एक स्थान पर खड़े नहीं रहना है। चलते फिरते सामान की बिक्री करनी है। उनके समझाने पर ठेली दुकानदार नहीं माने और जूना अखाड़ा संत समिति के अध्यक्ष सत्यगिरि महाराज के पास पहुंचकर अपनी पीड़ा बतायी। इस पर उन्होंने मेला सचिव, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार से फोन पर बात की और कहा कि जब इनकी रसीद काटी है, तो प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इनकी ठेली लगवायें। एडीएम का कहना था कि एक ही स्थान पर इकट्ठे होने से जाम लग जाता है। ठेली दुकानदार चलते फिरते अपनी सामिग्री बेचें। संत समिति के अध्यक्ष सत्यगिरि महाराज ने बताया कि बात हो गयी है। इसके बाद ठेली दुकानदार शांत हो गये।
मेले में ठेली दुकानदारों को हटाने पर भडक़े
