बेकाबू कार बिजली के पोल से टकरायी, एक की मौत, साथी घायल

मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद के संकिसा रोड पर रविवार तडक़े 4 बजे ग्राम बहादुर नगला के पास एक अनियंत्रित कार बिजली के पोल से टकरा गई। जिसमें 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान मेरापुर क्षेत्र के ग्राम अछरोड़ा निवासी मोहनलाल राजपूत के रूप में हुई है।
मेरापुर क्षेत्र के ग्राम अछरोड़ा निवासी मोहनलाल राजपूत (30) अपने साथी कमलेश राजपूत के साथ कमालगंज के ग्राम गोपालपुर में एक दावत में शामिल होने गए थे। रात में वापस लौटते समय बहादुर नगला के पास उनकी कार बेकाबू हो गई और सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सडक़ किनारे झाडिय़ों में फंस गई। हादसे की सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची। कार के दरवाजे पूरी तरह लॉक हो चुके थे। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने कार का शीशा तोडक़र मोहनलाल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मोहनलाल ने दम तोड़ दिया था। घायल कमलेश राजपूत को तुरंत लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। मोहनलाल सराय स्थित देशी शराब ठेके पर बैठते थे। उनके परिवार में पत्नी सपना और लगभग 10 वर्षीय एक पुत्र है। मोहनलाल की असामयिक मृत्यु से परिवार में मातम छा गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *