
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में सेवा धर्म समिति के द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए पंच प्रण पर आधारित युवा संवाद भारत/ 2047 कार्यक्रम का आयोजन म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रही। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि प्रत्येक युवा के अंदर एक शक्ति निहित होती है। आवश्यकता है प्रत्येक युवा अपने अंदर छिपी शक्ति को पहचाने और अच्छी शिक्षा के साथ-साथ समाज के कार्यों में भी अपना योगदान दे। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए पंच प्रण की शपथ लेते हुए हमें कार्य करना चाहिए। पंच प्रण के सभी पांच विषयों पर आधारित तथ्यों पर जीवन शैली अपनानी चाहिए। साथ-साथ ही अपने पर्यावरण को भी बचाने के लिए प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में पंच प्रण के पांच विषयों पर मुख्य वक्ताओं ने अपना संबोधन दिया जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य विषय पर सुदेश दुबे, गुलामी के हर अंश से मुक्ति विषय पर प्रशिक्षक विश्वनाथ ने अपनी विरासत पर गर्व विषय पर संस्कार भारती के अरविंद दीक्षित, एकता और एक जुटता विषय पर पर्यावरण विभाग से जुड़ी समाज सेविका श्वेता दुबे एवं नागरिकों में कर्तव्य की भावना विषय पर एमआईसी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरजा शंकर ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र्र के लेखाकार राकेश कुमार पाल, विकास, सृष्टि दीक्षित, निशु कटियार आदि दर्जनों युवा साथी इस मौके पर उपस्थित रहे।
