अज्ञात हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम एएसपी व सीओ ने पहुंचकर की जांच पड़ताल

फर्रुखाबाद/कंपिल, समृद्धि न्यूज। देर रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर ग्रामीण की हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुन घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। पुलिस के आला अधिकारियों व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस हत्या व आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव सिवारा मुकुट निवासी हेम सिंह शाक्य घर के बाहर बनी दुकान से अपना जीवन यापन करते थे। रोज की भांति सोमवार सायं भी वह घर के दरवाजे पर स्थित दुकान के बाहर पड़ी चारपाई पर सो गया। रात लगभग दो बजे गोली चलने की आवाज सुन ग्रामीण उधर दौड़े, तो देखा हेम सिंह लहूलुहान चारपाई पर पड़ा है। गोली गर्दन से लगकर मुंह से निकल गयी। ग्रामीणों के शोर की आवज सुन घर के अंदर से उसके परिजन बाहर आए और हेम सिंह के शव को देखते ही बिलखने लगे। परिजनों ने मामले की सूचना सिवारा चौकी इंचार्ज विवेक सिंह को दी। सीओ सोहराब आलम ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक हेम सिंह चार भाईयों रामगोपाल, रामबरन व सुग्रीव में दूसरे नंबर का था। मृतक के दो पुत्रियां संध्या, साल्वी, दो पुत्र नवीन व रौनक हैं। मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार हेम सिंह की किसी से रंजिश व लड़ाई झगड़ा नहीं था। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। फारेंसिक व पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। भाई राम गोपाल ने पुलिस को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
