13 मार्च को क्रिश्चियन कालेज के मैदान में उतरेगा मुख्यमंत्री का उडऩखटोला
चक्करघिन्नी बना जिला प्रशासन, कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहता
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड का निरीक्षण कर सम्बंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार आगामी 13 मार्च को नगर के क्रिश्चियन इंटर कालेज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर हेलीपैड का निरीक्षण किया। एडीजी आलोक सिंह ने एग्जिट पॉइंट व एंट्री पॉइंट की जानकारी ली तथा पार्किंग के संबध में दिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। एडीजी ने आने वाली भीड़ को देखते हुए गेट की दीवारों को हटाने के निर्देश दिये। एडीजी ने सभा स्थल के लिए आसपास की छतों पर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती के आदेश दिये। सभा स्थल से हेलीपैड को जाने वाली सडक़ को जल्द बनवाने के भी आदेश दिये। एडीजी ने कहा कि हेलीपैड के चारों तरफ डबल बैरिकेटिंग की जाए। साथ ही पानी की उचित व्यवस्था रखी जाए। हेलीपैड को पक्का बनाया जाए तथा ईटों के ऊपर सीमेंटेड घोल डाला जाए। आईजी जोगेंद्र कुमार ने आवास विकास में बनने वाली पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। लाभार्थियों को लाने वाली बसों में एडीजी ने एसपी को पुलिस कर्मियों को तैनात करने के आदेश दिये। इसके अलावा हेलीपैड व सभा स्थल पर लगातार पुलिस कर्मियों की तैनाती रखने के भी एडीजी ने आदेश दिये।
