गंगा दशहरा पर भक्तों ने हर-हर गंगे के बीच मां भागीरथी में लगायी डुबकी

श्रद्धानुसार गंगापुत्रों को किया दान, पुल पर पूरे दिन लगा रहा जाम, हुई मारपीट
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा दशहरा की पूर्व संध्या से शुरू हुआ भक्तों का सैलाब सुबह होते-होते महाकुम्भ में बदल गया। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से गंगा में हर-हर गंगे के बीच आस्था की डुबकी लगायी और दान दक्षिणा देकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस तैनात रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पुल पर पूरे दिन जाम लगा रहा।
बताते चलें कि गंगा दशहरा पर स्नान और दान का विशेष महत्व है। जिसके चलते पौ फटते ही भक्तों का पांचाल घाट पर पहुंचना शुरु हो गया। इस दौरान लोगों ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा घाट पर हर-हर गंगे की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए लोग सुबह सवेरे ही अपने घरों से निकले और ब्रह्म मुर्हूत में स्नान किया। इसके बाद से श्रद्धालुओं का गंगा तट पर आना जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मंदिरों में पूजा अर्चना करते हुए और सूर्य देव को अघ्र्य देकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद गंगा पुत्रों और साधुओं को आटा, चावल, उड़द, गुड़, शर्बत व पंखे आदि का श्रद्धानुसार दान किया। वहीं महिलाओं ने गंगा मइया को पहनावन चढ़ायी। भक्तों की भारी भीड़ के चलते पुल पर जाम की स्थिति रही। यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों को इस दौरान खासी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कई उचक्कों ने भक्तों की पर्स व सामान पार कर दिया। भीड़भाड़ के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा रुट का डायवर्जन किया गया, लेकिन इसके बावजूद भी जाम लग गया। जिससे लोगों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

एसपी की रुटडायवर्जन व्यवस्था हुई तार-तार

फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारी धरी रह गयी। जिससे रूट डायवर्जन फेल होने से बड़े वाहनों ने जाम लगा दिया। लोग घंटों भीषण गर्मी और तेज धूप में फंसे रहे। छोटे-छोटे बच्चे पसीने से तरबतर हो गये और रोते बिलखते नजर आये। जाम का आलम यह था कि पैदल निकलने तक की जगह नहीं थी। जिससे लोग व्यवस्था को कोसते नजर आये। लोगों का कहना था कि प्रशासन की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गयीं। वहीं मरीजों को ले जा रहीं एम्बुलेंस भी नहीं निकल सकीं। वह जाम में अपने सायरन बजाती रहीं। वहीं तीमारदार लोगों के हाथ जोड़ते रहे कि रास्ता दे दो हम निकल जायें। बाहर से आ रहे लोग बसों से उतर गए और परिवार समेत पैदल ही चल दिए। वहीं जाम के दौरान लोगों में मारपीट भी होते देखी गयी।

नगर में जगह-जगह शर्बतों के लगे स्टाल

फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा पर दान पुण्य का बहुत महत्व है। इसीलिए नगर में जगह-जगह समाजसेवियों ने शर्बत का वितरण किया। वहीं कई स्थानों पर कचौड़ी सब्जी का भी वितरण किया गया। नगर के लाल दरवाजा, डिग्गीताल, आवास विकास, बढ़पुर, चौक, रेलवे रोड, किराना बाजार, लोहाई रोड, लाल सहाय, कादरीगेट, नीबाचुअत आदि स्थानों पर शर्बत के स्टाल लगाये गये। जहां पर गर्मी से राहत पाने के लिए राहगीरों ठंडा शर्बत पिया। जिससे उनकी आत्म तृप्त हो गयी। शर्बत वितरण का शुरु हुआ सिलसिला शाम तक जारी रहा। वहीं घरों में भी महिलाओं ने शर्बत का कन्याओं को दान किया और उन्हें श्रद्धानुसार दान दक्षिण दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *