फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ट्रैक्टर ट्राली से हो रहीं दुर्घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने ट्रैक्टर ट्राली से सवारी ढोने पर पूरी तरह से रोक लगाने तथा ट्रैक्टर ट्राली का प्रयोग कृषि कार्य में करने के आदेश दिये थे, लेकिन मुख्यमंत्री का यह आदेश हवा हवाई साबित हुआ। आज आलम यह है कि थाने के सामने से ट्रैक्टर ट्राली सवारी लेकर निकल रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें रोकने तक मुनासिब नहीं समझती।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली से हुई कई दुर्घटनाओं के मद्देनजर सूबे के मुख्यमंत्री ने ट्रैक्टर ट्राली से सवारी ढोने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के आदेश अधीनस्थों को दिये थे। साथ ही न मानने पर १० हजार जुर्माने का भी प्रावधान किया था। जिस पर अधिकारियों ने कुछ दिन अभियान चलाया और ताबड़तोड़ कार्यवाही की, लेकिन इसके बाद अधिकारी शांत बैठ गये। आज आलम यह है कि थानों के सामने से धड़ल्ले से ट्रैक्टर ट्राली सवारियों को भरकर ले जा रहे हैं, लेकिन पुलिस सब देखकर भी मूकदर्शक बनी हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस पैसा लेकर ट्रैक्टर को छोड़ देती है। जिससे ट्रैक्टर ट्राली से सवारी ढोने का चलन बंद नहीं हो पा रहा है। बीते दिन नवाबगंज में पुलिस ने एक ट्रैक्टर को रोककर उससे पूछताछ की और उसे सरकार के आदेश का हवाला देकर हिदायत दी।
मुख्यमंत्री का आदेश बेअसर, ट्रैक्टर ट्राली से ढोई जा रहीं सवरियां
