फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी सम्बोधित ६ सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्टे्रट को सौंपा। ज्ञापन में दर्शाया कि कायमगंज नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की लम्बे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया जाये। स्थायी सफाई कर्मचारियों को शासनादेश के तहत काम करते कई वर्ष हो गये है। कायमगंज में तैनात सफाई कर्मचारियों को अभी तक समय पर वेतन नहीं दिया गया है। संविदा सफाई कर्मचारियों को ४ प्रतिशत महंगाई भत्ता रक्षाबंधन से पूर्व भुगतान किया जाये। सफाई कर्मचारियों को उपकरण उपलब्ध कराये जाये। जिससे सफाई व्यवस्था सुचारु रुप से चल सकें। कायमगंज में तैनात बड़े बाबू रामभुवन सिंह लगभग ११ वर्षों से एक ही जगह पर तैनात है। अभी तक उनका स्थानांतरण नहीं किया गया। ९ वर्ष में स्थानांतरण होने का आदेश है। उनका स्थानांतरण किया जाये। जिससे सफाई कर्मचारियों का शोषण रुक सकें। कायमगंज में तैनात संविदा सफाई कर्मचारियों के पद पर तैनात सुभाष को मूल पद पर भेजा जाये। सफाई कर्मचारियों को मौसम को देखते हुए वर्दी उपलब्ध करायी जाये, आदि मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नीरज कुमार बाल्मीकि, नंदकिशोर आदि लोग मौजूद रहे।
रक्षाबंधन से पहले वेतन दिलाये जाने की सफाई कर्मचारियों ने उठायी मांग
