फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्वामी विवेकानंद कॉलेज आफ नर्सिंग में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वामी विवेकानंद जयंती पर मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कॉलेज के होनहार सभी विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लिया। छात्रों ने विवेकानंद पर आधारित भाषण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक नाटय कार्यक्रम एवं पोस्टर के माध्यम से विवेकानंद को नमन किया। डायरेक्टर डा0 सचिन दुबे ने विवेकानंद को याद करते हुए कहा कि यह दिन युवा को समर्पित दिन है। आज हम सब यहां स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। 12 जनवरी सिर्फ एक तारीख ही नहीं है बल्कि यह भारत के युवाओं के लिए एक प्रेरणा का दिन है। स्वामी विवेकानंद एक ऐसे महापुरुष थे, जिन्होंने न केवल भारत को बल्कि पूरी दुनिया को एक नई दिशा दिखाई। शिकागो में विश्व धर्म संसद में स्वामी का भाषण भारतीय संस्कृति का एक शानदार परिचय था। उन्होंने दुनिया को बताया कि भारत सिर्फ एक देश नहीं है, बल्कि यह एक विचार है। उन्होंने दुनिया के सामने भारत की प्राचीन संस्कृति और दर्शन को रखा। आज जब हम स्वामी को याद करते हैं, तो हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। हमें देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए। हमें शिक्षित होना चाहिए। अपने देश को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए। हमें स्वामी जी के बताए रास्ते पर चलकर भारत को एक महान राष्ट्र बनाना है। प्रबंधक अनुराग दुबे ने कहा कि आज हम युवा दिवस मना रहे हैं। यह हमारे लिए एक अवसर है कि हम स्वामी जी के सपनों को साकार करने के लिए काम करें। इस अवसर पर प्राचाय, शिक्षक व कर्मचारी तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।
हमें स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए: सचिन दुबे
