
*कार्ड न बनाने वाले पंचायत सहायकों को नोटिस देने के निर्देश, तीन दिवस में सहयोग न दिया तो सेवा से हटाने के दिये निर्देश
नवाबगंज/शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में विकास खण्ड नवाबगंज, शमसाबाद एवं कायमगंज के सभागार में संबंधित विकास खंड के खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, पंचायत सहायक एवं ग्राम सचिव के साथ समीक्षा बैठक में सम्पन्न हुई।
आयोजित बैठक में आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत बनाए जा रहे गोल्डन कार्ड की प्रगति कम होने के कारण ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। समीक्षा में जिन पंचायत सहायक द्वारा 1 माह से कोई कार्ड नहीं बनाया गया है, उन्हे ग्राम पंचायत से नोटिस देने के निर्देश दिए गए। यदि 3 दिवस नोटिस देने के बाद भी पंचायत सहायक द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है, उन्हें सेवा से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए की अच्छा कार्य करने वाले पंचायत सहायकों को सम्मानित कराने हेतु सूची तैयार कर भेजी जाए। समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला विकास अधिकारी द्वारा समस्त सचिवों को निर्देशित किया गया कि यदि अपेक्षा के अनुरूप कार्ड बनाने की प्रगति नहीं पाई जाती है तो संबंधित ग्राम सचिव का उत्तरदायित्व निर्धारित कर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा समस्त सचिवों एवं पंचायत सहायकों को रेट्रोफिटिंग की प्रगति बड़ाने के निर्देश दिए। शमशाबाद बैठक में खंड विकास अधिकारी मोहम्मद शमी, सहायक विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम किशोर राजपूत, ग्राम विकास अधिकारी मोहम्मद जीशान, ग्राम विकास अधिकारी सुधीर श्रीवास्तव सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
