शौचालय में ताला लगा देख जतायी नाराजगी, अवैध दुकानें हटाने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी ने नीम करोली मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थायें देखीं। उन्हें कई कमियां मिलीं। जिन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिये।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों सहित सुबह 8:00 बजे बाबा नीब करोरी धाम पहुंचे जिलाधिकारी के काफिले ने नीब करोरी धाम का निरीक्षण किया। मंदिर आने वाले सभी मार्गों, मंदिर परिसर, मंदिर गुफा आदि कई स्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सडक़ के किनारे लगी दुकानों को पीछे करवाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। साथ ही कहा जिन दुकानदारों को दुकानें आवंटित की गई हैं वहीं दुकान लगनी चाहिए बाकी दुकानों को हटाया जाए। दुकानदारों को पॉलिथीन ना रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर की जमीन मापने को कहा साथ ही कहा कि सभी दुकानदारों को बराबर जगह आवंटित की जाए। भटकुर्री मार्ग पर अवैध रूप से लगी दुकानों को हटबाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत द्वारा निर्माण कराए गए सामुदायिक शौचालय में ताला लगा देख जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। जल जीवन मिशन के तहत लगाई गई पानी की टंकी की सप्लाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की। मंदिर के मुख्य दरवाजे पर लगे टीन शेड को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए तथा मंदिर के बाहर एक लाइट का पोल लगाने के बारे में कहा। पीने के पानी के बारे में मंदिर के पुजारी से जानकारी ली। दुकानों के पीछे लगे टीन शेड के चबूतरे पर सीडी बनवाने के लिए पर्यटन विभाग के सहायक अभियंता रंजन सोनी को निर्देशित किया। साथ ही बताया कहा कि चबूतरे के आसपास जाली भी लगवाई जाए। पानी की टंकी जहां पर स्थापित है वहां के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को परिसर में बने कमरों में खाद तथा अन्य चीजें मिलीं जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। टंकी परिसर के बाहर रखा भूसा देखकर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। पानी की टंकी की सप्लाई न आने की शिकायत करने पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा की बोरिंग में पाइप बढ़ाने के बाद जल्द ही सप्लाई चालू कराई जाएगी। खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद शर्मा ने बताया की पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंदिर तथा उसके आसपास सौंदरीकरण कराया जाना है। जिसके अंतर्गत तालाब, तीन जगह पर पार्किंग, श्रद्धालुओं के बैठने हेतु टीन शेड तथा शौचालयों आदि का निर्माण कराया जाएगा तथा जमीन अधिग्रहण कर धाम तक पहुंचने के लिए डबल रोड का भी निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद मिश्रा, उप जिलाधिकारी रजनीकांत, पीडब्ल्यूडी विभाग से मुरलीधर, खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद शर्मा, जे0ई0 आर0ई0एस0 दलबीर सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मयंक तिवारी सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीब करोरी धाम का डीएम ने किया निरीक्षण
