बाढ़ से घिरे लोग छतों और सडक़ किनारे रहने को मजबूर

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटों में बढ़ गया है। जिससे राजेपुर तिराहे पर दो फीट तक पानी भर गया है। आसपास की दुकानों में पानी घुस गया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के करीब तीन दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी भर चुका है। प्रभावित गांवों में अंबरपुर की मड़ैया, जगतपुर गांधी, सैदपुर, भुड्डन की मड़ैया, बनारसीपुर और कुइयां पट्टी शामिल हैं। सडक़ों पर दो से तीन फीट तक पानी भरा है। चित्रकूट डिप पर तीन फीट और निबिया सडक़ पर दो फीट पानी बह रहा है। एक दर्जन से अधिक सडक़ें टूट गई हैं। लोग नावों के सहारे आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीण अपने मकानों की छतों पर और सडक़ किनारे पॉलीथिन डालकर परिवार के साथ रह रहे हैं। पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था मुश्किल हो गई है। ग्रामीणों को चारा लाने के लिए साइकिल से 5 किलोमीटर तक जाना पड़ रहा है। भावपुर चौरासी के जगत राम, राम निवास, हरिराम, जीतूृ, रहीश, महिपाल, राम पाल और सुरेश ने बताया कि घरों में पानी भरा होने से पशुओं के लिए चारे की समस्या है। चित्रकूट प्रधान जयवीर के अनुसार बाढ़ के कारण वाहन चालक परेशान हैं। तटवर्ती गांवों के लोगों को आने.जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *