दीपावली पर स्वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए किया गया जागरुक

 सदर विधानसभा की आत्मनिर्भर भारत संकल्प गोष्ठी सम्पन्न
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। घटी जीएसटी दरों को लेकर सदर विधानसभा में विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के मार्ग दर्शन में सम्मेलन का आयोजन हुआ। जिसमें हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अभियान के तहत आये हुए लोगों को जागरुक किया गया। धन्यवाद मोदी सरकार आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत सदर विधानसभा में आयोजित सम्मेलन बद्री विशाल महाविद्यालय में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने विचार रखे। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम स्वदेशी वस्तुएं ही खरीदेगें। उन्हीं का उपयोग करेंगें, तभी हमारा देश विकसित होगा और सन् २०४७ में विकसित भारत बनेगा। उन्होंने कहा कि हमें आत्मनिर्भर बनना होगा और आत्मनिर्भर भारत की ओर हमारे युवा बढ़ रहे है। महिलायें भी इसमें अपना योगदान दे रही है। हर व्यक्ति के अंदर कोई न कोई हुनर है। वह अपने हुनर को जागृत करें, और स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग अपने जीवन में लाये। उन्होंने संकल्प दिलाया कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर स्वदेशी सामान खरीदने के लिए जन जागरण अभियान चलाये। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार ने जीएसटी की दरें कम करके आम जन मानस को राहत पहुंचायी है। हम स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें और अपने व्यापार को मजबूत करें। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि इस बार हम दीपावली पर कोई भी विदेशी वस्तु नहीं खरीदेंगे और न ही उसका प्रयोग करेंगे। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर देश को मजबूत करेंगे। फर्रुखाबाद औद्योगिक क्षेत्र घोषित हो चुका है। उत्तर प्रदेश के मानचित्र में जनपद को कई सौगात मिली है और मिलने वाली है। विभिन्न सडक़ों को जोड़ता हुआ विकास की ओर फर्रुखाबाद अग्रसर हो रहा है। आलू आधारित उद्योग भी लगने की तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में जनपद इटावा को पीछे कर दिया है। जनपद फर्रुखाबाद में जीएसटी की विकास दर १३.८ है, जबकि इटावा में ८.६ है। उन्होंने कहा कि जिले में ११०० करोड़ की लागत से उद्योग लगने जा रहे है। उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन अथवा ८८ लाख करोड़ के जीएसटी से सहयोग करेगा। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा ने कहा कि स्वदेशी अपनाने से हमारा रोजगार बढ़ेगा और हम आत्मनिर्भर बनेंगे। मुकेश गुप्ता ने जीएसटी की घटी दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संचालन अमरदीप दीक्षित ने किया। इस मौके पर भास्कर दत्त द्विवेदी, रमला राठौर, चित्रा अग्निहोत्री, अभिषेक बाजपेयी, मनोज मिश्रा, नीरज पारीक, मुफीद खां, मंजू शर्मा, रितु शुक्ला, बिटाना चौहान, अरविन्द गुप्ता राजू, अरविन्द राजपूत, विशाल दुबे आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *