कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर की शिकायत
कायमगंज, समृद्धि न्यूजू। पूर्व विदेश मन्त्री सलमान खुर्शीद की मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी ने जिलाधिकारी से शिकायत की है कि बीएलओ द्वारा भेजी गई गणना प्रपत्र की प्रतियों और ऑनलाइन सूची में पूर्व विदेश मंत्री के मतदाता क्रमांक में अंतर है।
शिकायत के अनुसार बीएलओ ने सलमान खुर्शीद के पितौरा स्थित आवास पर गणना प्रपत्र की केवल एक प्रति भेजी, जबकि नियमानुसार दो प्रतियां भेजी जानी चाहिए थीं। इसके अलावा बीएलओ के पास मौजूद मतदाता सूची में पूर्व विदेश मंत्री का क्रमांक 537 दर्ज है, जबकि ऑनलाइन सूची में उनका नाम 190 नंबर पर दिख रहा है। जिलाध्यक्ष ने इन विसंगतियों को सुधारने की मांग की थी। इस शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह निर्वाचन टीम और बीएलओ के साथ पूर्व विदेश मंत्री के निवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी स्थिति स्पष्ट की। उप जिलाधिकारी ने बताया कि सलमान खुर्शीद के आवास पर गणना प्रपत्र की दो प्रतियां भेजी गई थीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता 2003 की सूची के नंबर में विसंगति की बात कर रहे थे। जिसके संबंध में उन्हें ऑनलाइन सूची उपलब्ध करा दी गई है। उप जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि अब गणना प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ और ऑनलाइन उपलब्ध सूची के आधार पर ही किया जा रहा है। सत्यापित सूची को निर्वाचन आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर देखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से एसआईआर को लेकर भ्रमित न होने की अपील की और बताया कि सभी बीएलओ को शुद्ध मतदाता सूचियां उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरने का भी आग्रह किया।
पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की मतदाता सूची में विसंगति को लेकर उठ रहे सवाल
