परीक्षा केंद्र निर्धारण पर 4 दिसंबर तक मांगी गयी आपत्तियां
11 दिसंबर तक जनपदीय समिति करेगी आपत्तियों का निस्तारण
(निशीत सक्सेना)
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यू.पी. बोर्ड ने 30 दिसंबर तक परीक्षा केंद्र बनाये जाने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार की बोर्ड परीक्षा में वही विद्यालय सेंटर बन सकेंगे, जो कम से कम 10 फिट चौड़े मुख्य या संपर्क मार्गों पर स्थित हैं। ऐसा इसलिए ताकि छात्र-छात्राओं को एवं अधिकारियों को केंद्र तक पहुंचाने में असुविधा न हो।
शिक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फरवरी 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा हेतु सेंटर निर्धारण कर बोर्ड ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत सभी प्रधानाचार्यों को मूलभूत सुविधाओं का ब्यौरा (डाटा) परिषद की बेबसाइट पर भेजने के निर्देश दिये गये हैं। जिलाधिकारी द्वारा तहसील स्तर पर गठित कमेटी बेबसाइट पर अपलोड की गयी। आधारभूत सूचनायें, जियो लोकेशन का भौतिक सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट देगी। जिला विद्यालय निरीक्षक 24 नवंबर तक परिषद की बेबसाइट पर समिति की भौतिक सत्यापन का पूरा डाटा अपलोड करेंगे। उसके बाद 27 नवंबर को परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा केंद्रों की छात्र आवंटन समेत अनंतिम सूची जारी की जायेगी। बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रमानुसार 28 नवंबर को डिबार शिक्षकों एवं मान्यता निरस्त वाले विद्यालयों की सूची परिषद की बेबसाइट पर अपलोड होगी। जिस पर 4 दिसंबर तक आपत्तियां ली जायेंगी। यह आपत्तियां डीआईओएस एवं परिषद की बेबसाइट पर भेजी जा सकती हैं। जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति 11 दिसंबर तक आपत्तियों का निस्तारण करेंगी और निस्तारण की रिपोर्ट यू.पी. बोर्ड प्रयागराज को भेजेगी। जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 30 दिसंबर को बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।
बोर्ड परीक्षा में नकल के आरोपों में घिरे स्कूलों एवं दागी शिक्षकों की जल्द जारी होगी डिबार सूची
