बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और सामान पार

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज़। थाना क्षेत्र के गांव करनपुर नगला में बीती रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोस में रहने वाले छोटे भाई ने घर का ताला टूटा देखा। करनपुर नगला निवासी श्याम सिंह बंगाल प्रांत में एक निजी नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गांव में उनके मकान पर ताला लगा रहता है, जबकि उनके पिता सोनेलाल और माता जगदेवी दूसरे मकान में छोटे भाई घनश्याम के साथ रहते हैं। घनश्याम भी फरीदाबाद के बहादुरगढ़ में नौकरी करता है और इन दिनों घर आया हुआ था। गुरुवार सुबह जब घनश्याम अपने भाई श्याम सिंह के घर के सामने से गुजरा, तो उसे दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखा बक्सा खुला था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। घनश्याम ने तुरंत इसकी सूचना फोन पर अपने भाई श्याम सिंह को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर से एक जोड़ी सोने के झाले, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल और चांदी की पायल, एक टी.वी., एक सिलेंडर, एक इनवर्टर और लगभग 40 पीतल के बर्तन। घटना के बाद घनश्याम ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना नवाबगंज में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल की और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। बंद घर में हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी। जिसपर पुलिस को मौके पर भेजकर घटना की जानकारी जुटाई गई। जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *