दीपावली पर डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के अवकाश पर रोक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। जिले के लोहिया अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे इलाज की व्यवस्था रहेगी।
दीपावली पर पटाखे चलाने के दौरान जलने या आंखों से संबंधित चोटों का खतरा रहता है। इसके अतिरिक्त त्योहार के दौरान अधिक पकवान खाने से फूड प्वाइजनिंग के मामले भी बढ़ जाते हैं। इन्हीं संभावित समस्याओं से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। सीएमओ डॉ0 अवनींद्र कुमार ने बताया कि लोहिया अस्पताल और सभी सीएचसी, पीएचसी पर 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने जांच के सभी उपकरण सक्रिय रखने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। जले हुए मरीजों के उपचार के लिए बर्न वार्ड तैयार रखने, आंखों के इलाज और फूड प्वाइजनिंग के मामलों के लिए पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। त्योहार के दौरान डॉक्टरों, विशेषकर आंखों के डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों को कोई अवकाश नहीं मिलेगा। उनकी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारियों को अस्पतालों का भ्रमण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि लोहिया अस्पताल के बर्न वार्ड में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, जबकि सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो बेड की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *