भाजपा को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं: डा0 जितेन्द्र सिंह यादव

बसोला से पांचाल घाट तक मजबूत तटबंध निर्माण की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गंगा की तबाही से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ पीडि़तों की समस्याएं सुनीं। सपा के प्रदेश सचिव व अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, कांग्रेस की पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद सहित तमाम समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने मांग की कि बसोला से पांचाल घाट तक मजबूत तटबंध (बांध) का निर्माण कराया जाए, ताकि हर वर्ष आने वाली गंगा की बाढ़ से जनजीवन की तबाही को रोका जा सके।
सपा के प्रदेश सचिव डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव ने कहा जनता आज बुरी तरह परेशान है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। वे सिर्फ वोट बैंक की राजनीति में उलझी हैं और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही हैं। गांव-गांव की बुनियादी समस्याओं में आज तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा, हर साल बाढ़ से हजारों परिवार तबाही झेलते हैं, लेकिन सरकार मौन बनी हुई है। बसोला से पांचाल घाट तक मजबूत तटबंध बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। अगर गंगा एक्सप्रेसवे का मार्ग इस क्षेत्र से होकर गुजरा होता तो यह बाढ़ की समस्या जीवनभर के लिए समाप्त हो जाती, परंतु भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों ने जनता की समस्याओं को पूरी तरह नजऱअंदाज़ किया है।
पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा, यह बांध जनता की जरूरत से जुड़ा हुआ है। जनता बाढ़ और तबाही से त्रस्त है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी सरकार को तत्काल इसका स्थायी निस्तारण करना चाहिए। लुईस खुर्शीद ने भी सरकार से मांग की कि गंगा किनारे रहने वाले लोगों की पीड़ा को समझते हुए बसोला से पांचाल घाट तक बांध का निर्माण शीघ्र कराया जाए। फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष आशीष मिश्रा भइयन ने कहा कि भीषण बाढ़ से बचाव का एक ही रास्ता है तटबंध बनवाया जाये। यहां के नेता एयरपोर्ट बनवाने में लगे है, जबकि पांचाल घाट पुल, शमशाबाद का तटबंध जरुरी है। पहुंचकर धरना प्रदर्शन का समर्थन किया। इस मौके पर राजपाल यादव, अभिषेक शाक्य, अमन सूर्यवंशी, अनुराग यादव, अखिल कठेरिया, शिवशंकर शर्मा, सीलू खान, सोमेंद्र यादव, वीकेश यादव, आयुष यादव, मनोज बाथम, मिथुन राठौर, मोहित खन्ना, आलोक मिश्रा, सुरजीत सिंह, कोमल पाण्डेय, रामवीर सिंह, क्रांति पाठक, राजीव प्रताप, सौरव पाण्डेय, रामवीर सिंह, रवि मिश्रा, बबलू ठाकुर, किरण पाल आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *