
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जेई ने अधिकारियों से कहा मुझे सुरक्षित जिले में भेज दिया जाये
ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में फोन पर बातचीत के दौरान हुआ यह मामला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। एक मामले में भाजपा सांसद द्वारा जेई को फोन कर बातचीत के दौरान गाली-गलौज व जूतों से पिटवाने आदि जैसी धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में चर्चा होने लगी कि सरकार सबका साथ सबका विकास की बात करती है, लेकिन गरिमामय पद पर विराजमान होते हुए सांसद द्वारा इस तरीके से किसी कर्मचारी से अभद्र भाषा व धमकी जैसे शब्द का इस्तेमाल करना शोभा नहीं देता है, जबकि लोकसभा चुनाव निकट है। अमृतपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई होरी लाल जो दलित समाज से है। उन्हें भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने क्षेत्र के आये कुछ लोगों की समस्या के लिए फोन किया और बताया कि मेरे पास नगला बसोला के कुछ लोग आये है, जिस पर जेई की ओर से जबाव दिया गया कि यह लोग ट्रांसफार्मर चुरा ले गये थे। ग्राम प्रधान द्वारा दिये गये वीडियो के आधार पर मुकदमा जितेन्द्र, दल सिंह, शिवराम, मौजीलाल, रामरहीस व अज्ञात चोरों के विरुद्ध २० जुलाई दर्ज कराया गया था। जेई की भाषाशैली से भाजपा सांसद आग बबूला हो गये और गाली देते हुए जूतों से पिटवाने आदि धमकी जेई को दी, जबकि जेई बार-बार रिकार्डिंग करने की बात कह रहा है और यह भी कहा कि मंै अपने घर वालों को बता देता हूं कि सांसद ने मुझे मरवा देने की धमकी दी है। जेई ने एक वीडियो भी वायरल किया है कि जिसमें वह काफी भयभीत है और अपनी सुरक्षा की मांग पुलिस से की तथा रोंने लगा। इस संदर्भ में सांसद से उनके दूरभाष संख्या ९०१३८६९४४३ पर एक नहीं कई बार फोन किया, लेकिन कोई जबाव नहीं दिया। जेई ने घटना के संबंध में यूनियन व उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। जेई संघ के अध्यक्ष वेद भारती ने बताया कि इस संदर्भ में अधीक्षण अभियंता से वार्ता करने के बाद ही आगे क्या करना है तय होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जेई से किसी प्रकार की कोई नाराजगी थी तो इस संदर्भ में उच्चाधिकारियों को बताना चाहिए था सांसद जी को इस तरह की भाषा इस्तेमाल नहीं करनी चाहिए थी। वहीं दूसरे दिन भयभीत विद्युत विभाग के जेई ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री से न्याय दिलाये जाने की गुहार लगायी। जारी किये गये वीडियो में जेई ने कहा कि मुख्यमंत्री जी मुझे भाजपा सांसद मुकेश राजपूत से जान का खतरा है। मेरी सुरक्षा की जाये और मुझे ऐसे जिले में भेज दिया जाये, जहां मैं सुरक्षित रह सकूं। यहां रहकर कभी भी कुछ भी हो सकता है।
