अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील क्षेत्र में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई दिया है। जिसके कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं रविवार को ग्राम कुम्हरौर में किसानों ने खेतों के पास स्थित सोता नाले में एक विशालकाय मगरमच्छ को देखा। जिससे हडक़ंप मच गया। किसानों के अनुसार जब वह खेतों में काम कर रहे थे तभी नाले से कुछ हलचल की आवाज आई। जब उन्होंने देखा तो वहां मगरमच्छ था। जो धूप में बैठा था, तभी किसी ने पत्थर फेंका तो वह नाले में चला गया। जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया है कि वह गेहूं की फसल में चला जाता है तथा इससे पहले इसी तहसील के ग्राम गोटिया के तालाब में दो महीने तक एक मगरमच्छ रहा था। वन विभाग ने 24 फरवरी को उसका रेस्क्यू किया था। स्थानीय किसान मनोज, रावेंद्र, दिनेश, ब्रजेश, मोनू, सोनू और धर्मेंद्र ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि गेहूं की कटाई का समय नजदीक है। मगरमच्छ की मौजूदगी से खेतों में काम करना मुश्किल हो जाएगा। जिला वन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी व जल्द मगरमच्छ को पकड़वाया जाएगा।
ग्राम पंचायत कुम्हरौर की पुलिया में देखा गया मगरमच्छ, दहशत
