फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ नगर के मंदिरों व घरों में धूमधाम से मनायी गयी। इस दौरान मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कई जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया।
बुधवार को अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का दिन था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में भगवान राम के दर्शन करने पहुंचे। कई लोगों ने घरों में भी प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ का उत्सव मनाया। साथ ही सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। वहीं कई भक्तों ने अयोध्या नगरी में पहुंचकर राम दरबार में माथा टेंका और सर्व मंगल की कामना की। नगर के कोतवालेश्वर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान राम के दर्शन किये तथा माथा टेंका। इसके अलावा नगर के समस्त मंदिरों में भक्तों ने पहुंचकर पूजा अर्चना की। वहीं घरों में भी रामलला की वर्षगांठ धूमधाम से मनायी गयी। भक्तों ने भगवान को भोग लगाया तथा सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। उत्साही भक्तों ने भगवा कलर की झंडियों को अपनी-अपनी छतों पर लगाया और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भजन गीत बजाये।
नगर में कई स्थानों पर हुआ भंडारा
श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर फतेहगढ़ चूड़ी वाली गली में सुंदरकांड पाठ का आयोजन व भंडारा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल युवा कमेटी की तरफ से आयोजित किया गया। जिसमें लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। उक्त भंडारा जिला युवा अध्यक्ष संदेश अग्रवाल, जिला युवा महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष रविकांत गुप्ता, अजय गुप्ता, रिंकू गुप्ता, राजा सक्सेना, अनीश बॉथम, प्रियांश, शिवम, दीपू, सरवन, सोनू गुप्ता, संजय रस्तोगी, अंकेश अग्रवाल, बिनु पंडित इत्यादि लोगों के सहयोग से आयोजित किया गया। इस मौके पर पूरी चूड़ी वाली गली फूल-मालाओं से सजाई गई और बहुत ही धूमधाम से भगवान श्री राम के वर्षगांठ को मनाया गया। इसके अतिरिक्त बढ़पुर में भी भंडारा का आयोजन किया गया।