कायमगंज, समृद्धि न्यूज। मौसम परिवर्तन के साथ तमाम तरह की संक्रामक बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव खेतलपुर सौरिया में बीते एक महीने में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि12 से ज्यादा लोग बीमार चल रहे हैं। ग्रामीणों ने डेंगू के फैलने की आशंका जतायी है।
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेतलपुर सौरिया गांव में बुखार का प्रकोप फैल गया है। पिछले एक माह के दौरान विभिन्न बीमारियों से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें से तीन की मौत डेंगू से होने की आशंका जताई जा रही है। गांव में अभी भी एक दर्जन से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। गांव निवासी 25 वर्षीय शिवम ने बताया कि उन्हें आठ दिनों से बुखार था। कायमगंज में शुरुआती इलाज के बाद उन्हें फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में छह दिन तक भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें डेंगू बताया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनका इलाज घर पर जारी है। इसी गांव के अर्जित यादव के भाई मंजेश को भी दो दिन से बुखार आ रहा है। कायमगंज में डॉक्टरों को दिखाने के बाद परिजन उन्हें बाहर लेकर चले गये, क्योंकि डॉक्टरों ने डेंगू की आशंका व्यक्त की है। शेर सिंह को भी दो दिन बुखार आने के बाद डेंगू हुआ था। जिसका इलाज उन्होंने कटिया गांव में एक चिकित्सक से करवाया। इसके अलावा ओमप्रकाश, ऋषभ भी बुखार से पीडि़त चल रहे हैं। जिनका उपचार बाहर जनपदों में जारी है। ग्राम प्रधान शिवराज सिंह यादव ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत खेतलपुर सौरिया में पांच गांव शामिल हैं। जिनकी कुल आबादी लगभग 4000 है। पंचायत में केवल एक सफाई कर्मचारी तैनात है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ ग्रामीण अपने घरों के सामने सडक़ पर कूड़ा-करकट डालते हैं। जिससे गंदगी फैलती है। प्रधान ने बताया कि कायमगंज के चिकित्साधिकारी डॉ0 शोभित के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया था। इस दौरान करीब 25 सैंपल लिए गए हैं। जिनकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारणों का पता चल पाएगा।
खेतलपुर सौरिया में दर्जनों बुखार की चपेट में, डेंगू फैलने की आशंका
