डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने सभी की सुख समृद्धि व स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन मंगलवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ ही हो गया है। इस दौरान पांचाल घाट पर खूब रौनक देखी गई। छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला एक अत्यंत पवित्र और कठोर अनुष्ठान है, जिसकी शुरुआत 25 अक्टूबर को नहाय-खाय से हुई, जिसमें व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। पर्व का दूसरा दिन 26 अक्टूबर को खरना होता है, जब दिनभर का निर्जला व्रत सूर्यास्त के बाद गुड़ की खीर से तोड़ा जाता है। 28 अक्टूबर को छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ हो गया है। पूर्वांचल विकास समिति के तत्वाधान में आयोजित छठ पूजा में बड़ी संख्या में लोगों ने पांचाल घाट पहुंचकर उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया।
मेजर एसडी सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज एण्ड हॉस्पिटल के चेयरमैन डा0 जितेन्द्र सिंह यादव व डायरेक्टर डा0 अनीता रंजन ने पांचाल घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। उन्होंने पूजा के बाद कहा यह आस्था का महापर्व है, हमने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। मैं छठी मैया से लोगों के बीच सद्भाव, आपसी प्रेम और सभी के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना करती हूं। साथ ही उन्होंने सुख-समृद्धि और समाज में खुशहाली की कामना की।
पांचाल घाट पर व्रती महिलाएं और पुरुष अपने परिवार के साथ सूप और डाला में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल और अलग-अलग तरह के पकवान सजाकर जल में खड़े हुए। जैसे ही सूर्य की पहली किरणें दिखाई दीं, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने एक स्वर में छठी मैया के गीत गाए और जल तथा दूध से ऊषा अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य देव के उदय होते ही, चारों तरफ उत्साह और भक्ति की लहर दौड़ गई। इस क्षण को साक्षी बनाने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी थी, जिन्होंने दूर-दराज से आकर इस पावन पर्व में हिस्सा लिया। इस मौके पर डॉ0 मुकेश विश्वकर्मा, डॉ0 नीतू श्री, ऊषा देवी, गीता देवी, मंजेश यादव, प्रियंका यादव, साधना यादव आदि लोग मौजूद रहे।
डा0 अनीता रंजन नेे उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, महापर्व छठ का हुआ शुभ समापन
