मेला रामनगरिया में नीम करोरी आश्रम से निकली शोभायात्रा

 बच्चा बाबा महाराज के नेतृत्व में एक हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट स्थित रामनगरिया मेले में शनिवार को नीम करोरी संत सेवा शिव आश्रम ट्रस्ट की ओर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। हरदोई के रानीखेड़ा आश्रम के महंत बच्चा बाबा महाराज के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में एक हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
इस शोभायात्रा में आवाहन अखाड़ा, अग्नि अखाड़ा, दंडी मंडल और वैष्णव संप्रदाय के साथ-साथ नागा साधु भी उपस्थित रहे। जूना अखाड़ा प्रमुख और मेला रामनगरिया संत समिति के अध्यक्ष सत्य गिरी महाराज भी यात्रा में शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भजनों के बीच यात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। मेला क्षेत्र में जगह-जगह कल्पवासियों और श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान साधु-संतों पर पुष्प वर्षा की गई और उन्हें मालाएं पहनाई गईं। शोभायात्रा में बाबा नीम करोरी महाराज का चित्र भी शामिल था। बड़ी संख्या में नर्तक भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। कई संतों ने शस्त्रों का प्रदर्शन करते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाए। यात्रा में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर उम्र के लोग सम्मिलित हुए। इस शोभायात्रा में फर्रुखाबाद के अलावा हरदोई, शाहजहांपुर, मैनपुरी और सीतापुर सहित कई जनपदों से आए भक्तों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *