फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अन्तर्गत डायरिया रोको के तहत कमालगंज के आरपी इंटर कालेज में छात्र-छात्राओं को जागरुक करते हुए शपथ दिलायी गई। प्रधानाचार्य बलविन्दर सिंह ने शासना के निर्देशानुसार बच्चों को संचारी रोगों के अन्तर्गत जागरुक किया। डायरिया जैसे रोग की रोकथाम के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। हाथ धोने की विधि, ओआरएस घोल बनाने का प्रदर्शन, बीमार बच्चे की सूचना शिक्षकों व परिजनों को देने के बारे में जानकारी दी गई। दिमागी बुखार अन्य रोग आदि को छिपाना नहीं है और तुरन्त चिकित्सीय सलाह लेना है। साबुन से हाथ धोये, पेयजल व्यवस्था शुद्ध होने पर ही पिये व अन्य रोगों की रोकथाम के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य द्वारा शपथ दिलायी गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के प्रति जागरुक कर दिलायी गई शपथ
