लखनऊ। सपा सुप्रीमो/ पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं के लिए योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों की उपेक्षा कर रही है। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है उसका किसानों के साथ सौतेला व्यवहार जारी है। सपा सुप्रीमो ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने समाजवादी सरकार के दौरान किसानों के हित में किए कार्यों को रोक दिया। मंडियों का काम पूरा नहीं करने दिया। किसानों से जुड़ी योजनाओं को बजट नहीं दिया। समाजवादी सरकार एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियों का निर्माण करा रही थी जिससे किसानों को उनकी फसल की उपज की अच्छी कीमत मिलती, लेकिन भाजपा सरकार ने द्वेषभावना के चलते काम पूरा नहीं होने दिया। कन्नौज के ठठिया में आलू मंडी का काम हो या कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट का कार्य। भाजपा ने अपनी नकारात्मक कार्य प्रणाली से विकास कार्यों में रोड़ा अटकाया। सपा प्रमुख ने कहा, प्रदेश में पिछले दिनों गेंहू, चना, सरसों किसानों को डीएपी खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ा। डीएपी खाद के लिए कई जिलों में किसानों को भारी संघर्ष करना पड़ा, खाद के बदले लाठियां मिली। सपा अध्यक्ष ने कहाकि गेहूं की फसल के लिए किसानों को यूरिया की जरूरत है, लेकिन उन्हें यूरिया की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह गन्ना किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।