रामोत्सव में डूबी अपराकाशी, लोगों ने जलाये घी के दिये

विनोद श्रीवास्तव

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। लगभग 500 वर्षों बाद देशवासियों की आस्था की केंद्र अयोध्या नगरी में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का सपना साकार हो गया। इस दौरान लोगों ने घी के दिये जलाकर भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने का दृश्य मानो सार्थक कर दिया। उत्साही युवाओं ने जमकर आतिशबाजी छुड़ाई और मिठाई आदि बांटी।

जानकारी के अनुसार आज से करीब पांच सौ वर्षों से अयोध्या राम मंदिर का विवाद चला आ रहा है। हमारी कई पीढिय़ां अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मदिर के सपने को साकार होते नहीं देख सकीं। हम बहुत ही सौभाग्यशाली हैं जो आज इस सपने को साकार होते देख रहे हैं। आज जब अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई, तो अपरा काशी हर्ष और उल्लास में डूब गयी। हर किसी जुबान पर आज श्रीराम का नारा गूंज रहा था। इस खुशी में जहां लोगों ने अपने-अपने घरों में घी के दिये जलाये और सुंदरकांड व अखण्ड पाठ का आयोजन किया। चारों तरफ माहौल राममयनजर आया। मंदिरों को भव्यता से सजाया गया और विधि विधान से लोगों ने पूजा अर्चना की। वहीं घरों में भी शुभ मूर्हत में भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की गयी। हर सनातनी के चेहरे पर खुशी व राम की भक्ति देखी गयी।

अधिकांश लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखें और इस शुभ घड़ी को हर्षोल्लास के साथ सभी के साथ साझा किया। शाम के समय लोगों ने खुशी के इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी छुड़ायी और जय श्रीराम के नारे लगाये। कुल मिलाकर पूरा शहर रामोत्सव में डूबा नजर आया। आज के इस ऐतिहासिक दिन को दुनिया हमेशा याद रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *