प्रशासन सतर्क, सीओ सिटी/सीओ अमृतपुर मौके पर पहुंचे, मोहल्ला बना छावनी
विहिप ने कहा रुद्राभिषेक की तारीख तय कर प्रशासन को कराया जायेगा अवगत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिनों थाना कमालगंज क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रानगर में कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया था। मामले में बीते दिनों चिकित्सक सहित तीन पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वहीं शनिवार शाम विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मोहल्ले में पहुंचे तथा धर्मांतरण वाले स्थान पर रुद्राभिषेक करने की बात कही। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय, सीओ अमृतपुर अजय वर्मा मौके पर पहुंचे। एसओजी टीम, थाना कमालगंज पुलिस, पीएसी और खुफिया विभाग की टीम को भी तैनात किया गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मोहल्ले को छावनी में बदल दिया। वहीं सीओ अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने कमालगंज स्थित एक शिव मंदिर में रुद्राभिषेक करने का प्रोग्राम बनाया है। विश्व हिंदू परिषद ने प्रशासन को आने की सूचना नहीं दी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से मोहल्ले में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में शांति है, लेकिन प्रशासन सतर्क है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा ने कहा हमारा मुख्य उद्देश्य वाल्मीकि बस्ती में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम करने का है। उसी की तैयारी को लेकर निकले थे। उन्होंने कहा कि तारीख तय होने पर प्रशासन को इसकी जानकारी दी जाएगी।
विश्व हिन्दू परिषद ने धर्मांतरण वाले स्थान पर रुद्राभिषेक करने की बनायी रणनीति
