बच्चों के सामने हथौड़े से की थी पत्नी की हत्या
उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात पत्नी की हत्या करने वाले पति ने एक दिन बाद पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महिला के मायके वालों ने पति समेत 6 लोगों पर केस दर्ज कराया था। सास-ससुर की गिरफ्तारी हो चुकी है। पति की तलाश में दो टीमें लगाई गई थीं।
जानकारी के अनुसार गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालताखेड़ा निवासी राजेश ने मंगलवार रात विवाद के बाद पत्नी सीमा की हथौड़े से सिर कूचकर हत्या कर दी थी। उसने खुद ही पुलिस को फोन करके घटना की सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
मृतका के परिजन जब ससुराल पहुंचे तब वहां सभी लोग मौके से फरार थे। महिला के शव के पास 4 और 5 साल के मासूम बेटे बैठे थे। उन्होंने पुलिस वालों को बताया- पापा ने मम्मी को हथौड़े से मार डाला। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया।
सीमा के पिता ने बेटी के पति राजेश, उसके पिता कमलेश, मां जगराना, भाइयों गोविंद व बब्लू और बहन उर्मिला के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों की तलाश में दो टीमें गठित की गई थीं।
आज सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास आम के बाग में राजेश का शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना गंगाघाट कोतवाली पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सीमा के पिता रामकुमार ने बताया- बेटी की शादी 2018 में राजेश से हुई थी। वह नशे का आदी था। अक्सर दहेज की मांग को लेकर सीमा को प्रताड़ित करता था। शादी के दो साल तो सब ठीक रहा। लेकिन बाद में वह दहेज के लिए बेटी को परेशान करने लगा। हम लोगों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश भी की।
सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि महिला की मौत के बाद आरोपी के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन उसने गिरफ्तारी से पहले ही अपनी जान दे दी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
