फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेद मेडिकल कालेज एण्ड हॉस्पिटल में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और महिला कर्मचारियों को सरकारी सुरक्षा योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने छात्राओं को जागरुक किया और विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में विस्तार से बताया कि जरुरत पडऩे पर इन हेल्पलाइन नम्बरों का उपयोग कर तुरन्त पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को उनके प्रति होने वाले किसी भी अपराध या संबंधित अपराधियों के बारे में तत्काल पुलिस या शक्ति मित्र महिला पुलिसकर्मियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल सुरक्षा बल्कि आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत करता है।
महिला थाना प्रभारी रक्षा सिंह ने छात्राओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। 1076- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, हर नागरिक की सीधी पहुँच सरकार तक, 1090-वीमेन पावर लाइन, महिलाओं के लिए विशेष शिकायत सेवा, 181-वीमेन हेल्पलाइन, हर समय सहायता के लिए समर्पित, 1098- चाइल्ड लाइन, बच्चों से जुड़े आपातकालीन मामलों के लिए, 108-एम्बुलेंस सेवा-स्वास्थ्य आपात स्थिति के लिए, 112-आपातकालीन पुलिस सेवा-तुरंत सहायता हेतु, 1930-साइबर हेल्पलाइन-ऑनलाइन धोखाधड़ी और अपराध की शिकायत हेतु, 102-गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए विशेष हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्राओं को जागरूक किया कि वे किसी भी परिस्थिति में अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और इन सेवाओं का सही उपयोग करें। कॉलेज के अध्यापकों ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज की सोच में बदलाव से संभव है। महिलाओं के अधिकारों, आत्म-सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढऩा ही सशक्त समाज की पहचान है। मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा पोस्टर, भाषण और नारी सशक्तिकरण पर नाटक प्रस्तुत किए गए। जिनमें महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान का संदेश दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन की शपथ ली। कॉलेज प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को न केवल जागरूक करते हैं बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और समाज में समान भागीदारी का एहसास कराते हैं। इस मौके पर चौकी प्रभारी मेडिकल उप निरीक्षक अजय सिंह, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह चंदेल चौकी मेडिकल के अलावा सुरेश कुमार, विपिन बालियान, मंजू कुमारी, विमलेश सहित कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।
मिशन शक्ति के तहत मेडिकल कॉलेज में सीओ सिटी ने छात्राओं को किया जागरुक
