पिता ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने का लगाया आरोप
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। मृतक युवक का शव तालाब में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिता ने पुत्र की हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार अभिषेक उर्फ राजू उम्र लगभग 33 वर्ष पुत्र मातादीन के शव को ग्रामीणों ने सुबह तालाब के किनारे देखा। यह सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और तुरंत ही गांव के लोगों ने डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचित किया। इसके बाद में शव की पहचान अभिषेक उर्फ राजू के रूप में की गई। घटनास्थल पर कमालगंज थाना प्रभारी अनुराग मिश्र पहुंचे और करीब एक घंटे बाद क्षेत्राधिकारी अमृतपुर रविंद्र नाथ राय भी पहुंचे गये। पुलिस विभाग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा मामले की गहन जांच में जुट गयी। वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अभिषेक उर्फ राजू को 3 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसके बाद से वह लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। मृतक की मां शीला देवी, पत्नी तारा देवी व बहन मनीषा आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेतीबाड़ी करता था।