फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संकिसा में चल रहे कौमुदी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार शाम को भारतीय शाक्य परिषद के तत्वावधान में एक भव्य धम्म यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी शामिल हुए।
शाम चार बजे तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। ढोल नगाड़ों के साथ यह यात्रा भदंत विजय सोम इंटर कॉलेज परिसर से शुरू होकर स्तूप की ओर बढ़ी। रास्ते भर बौद्ध अनुयायी भगवान बुद्ध के उद्घोष और जब तक सूरज चांद रहेगा बौद्ध धर्म का नाम रहेगा जैसे जयघोष करते रहे थे। स्तूप के पास पहुंचने पर अनुयायियों ने परिक्रमा की और मोमबत्ती व अगरबत्ती जलाकर पूजा अर्चना की। भंते संघ रक्षित ने पाली भाषा में बुद्ध वंदना और परित्राण पाठ का उच्चारण कराया। पूजा के उपरांत प्रसाद का वितरण भी किया गया। आयोजक सुनील दत्त ने बताया कि इस धम्म यात्रा में कई देशों के लोगों ने भाग लिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह यात्रा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है और इसमें सभी का सहयोग मिलता है। पुलिस प्रशासन का भी इसमें सराहनीय सहयोग रहा। रात में सांस्कृतिक पंडाल में भगवान बुद्ध पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। म्यांमार से आए बौद्ध अनुयायियों के एक समूह ने भी स्तूप के ऊपर विशेष पूजा अर्चना की। समूह के साथ आए गाइड ने बताया कि यह दल 15 दिनों के लिए भारत आया है और संकिसा के अलावा दिल्ली सहित अन्य बौद्ध स्थलों का दर्शन व पूजा अर्चना करेगा। इस दौरान सुरेश बौद्ध, भंते चैतसिक बौद्ध और भंते नागसेन भी उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार चौकन्नी रही।
कौमुदी महोत्सव के दूसरे दिन निकाली गयी धम्म यात्रा
