फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 1 नवंबर से यातायात माह का शुभारंभ हो गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने को रैली को रवाना किया। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने, सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने और तीन सवारी न बैठने सहित अन्य नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना हैए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी आरती सिंह ने जानकारी दी कि यातायात माह नवंबर महीने में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा किया गया है। जिसका लक्ष्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं तथा दूसरों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक करना है। बताया दूसरे चरण में यातायात प्रभारी, एआरटीओ और अन्य अधिकारी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना सहित अन्य कार्रवाई करेंगे। विशेष रूप से बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। यह रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर छोटी जेल और फतेहगढ़ मिलिट्री चौराहे से होते हुए वापस पुलिस लाइन में समाप्त हुई। रैली में पुलिसकर्मी, पीआरडी जवान और होमगार्ड स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। जिसके माध्यम से आम जनता को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनके पालन के लिए प्रेरित किया गया।
डीएम व एसपी ने यातायात रैली को झंडी दिखाकर यातायात माह का किया आगाज
