पार्टी कार्यालय पर जिला कार्यशाला का हुआ आयोजन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने आगामी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
शिव महेश दुबे ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पूरे जनपद में संविधान गौरव अभियान कार्यक्रम चलने का निर्देश दिया गया है, इसके अंतर्गत जिला स्तर पर कार्यशाला का आयोजन हुआ है। इस अभियान के माध्यम से भाजपा का संगठन और उसके कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि घर-घर पहुंचकर डॉ0 बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के योगदान व भाजपा की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को प्रचारित करने का कार्य करेंगे। जिसके लिए जिला व मंडल स्तर पर टोली बनाई गई है। जिला कार्यशाला के उपरांत 8 जनवरी से 9 जनवरी के मध्य मंडलों में कार्यशाला आयोजित होगी। जिसमें मंडल स्तर के सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। संगठन के सभी मोर्चे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। संवैधानिक मूल्यों भाजपा की उपलब्धियों और डॉ0 बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की विरासत का सम्मान करने की प्रतिबद्धता को बढ़ावा देने के लिए पूरा संगठन इस कार्यक्रम में जी-जान से जुटेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है कि हम संविधान विरोधी है। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया संगठन के इस विशेष अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की जाएगी। 11 जनवरी से 25 जनवरी तक यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले स्तर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति समूह के प्रबुद्ध जन एवं विशिष्ट जन लोगों की सूची तैयार करनी है, भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा जिला स्तर पर संगोष्ठी का आयोजन होगा। संचालन अतुल दीक्षित ने किया। इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर, सुनील रावत, फतेहचंद वर्मा, रश्मि दुबे, ममता सक्सेना, बबीता पाठक, ऋषिपाल सिंह सिसोदिया, गोपाल राठौड़, अमरदीप दीक्षित, प्रदीप सिंह, वीरेंद्र कठेरिया, पीयूष त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।