समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज संस्पेंड कर दिया गया है। इस पर उनसे 80 लाख से ज्यादा लोग जुड़े थे। इस मामले को लेकर अभी तक सपा की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का फेसबुक पेज शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे से बंद कर दिया गया है। हालांकि इसके पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह एक तकनीकी खामी भी हो सकती है। सपा सूत्रों के मुताबिक, इस बारे में फेसबुक को ई-मेल भी किया गया, लेकिन उसका जवाब नहीं आया। जानकारों का कहना है कि कंटेंट को लेकर किसी राजनीतिक विरोधी ने फेसबुक से शिकायत की होगी, तभी फेसबुक की ओर से इस तरह का एक्शन लिया जाता है। हालांकि, इस संबंध में सपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फेसबुक के इस एक्शन को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के समर्थकों की प्रतिक्रियाएं भी आना शुरू हो गई हैं। कई समर्थकों ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है तो सरकार पर भी आरोप लगाया है। एक समर्थक ने कहा कि जनता का नेता बोलता है तो सत्ता बौखला जाती है, आज फेसबुक की ओर से अखिलेश का आधिकारिक पेज सस्पेंड किया गया है, जिस पर 8 मिलियन से अधिक लोग जुड़े थे,ये महज एक एक पेज नहीं बल्कि जनता की आवाज थी। सपा के एक नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का फेसबुक पेज का डिएक्टिवेट किया जाना स्पष्ट संकेत है कि सरकार स्वतंत्र अभिव्यक्ति को दबाना चाहती है, सोशल मीडिया प्लेटफार्म अब उसकी कठपुतली बन गए हैं। उन्होंने कहा, मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और मांग करता हूं कि अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज तत्काल बहाल किया जाए।
सपा मुखिया अखिलेश यादव का 80 लाख समर्थक वाला पेज किया गया बंद, कारण स्पष्ट नहीं
