बीडीओ से बोले सचिव से मांगें स्पष्टीकरण अथवा करें निलंबित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह ने सितवनपुर पिथू गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गौशाला में अत्यंत गंदगी पाई गई। सभी व्यवस्थायें अव्यवस्थित पायीं। गौवंश दुर्बल पाये गये। गौशाला में 521 गौवंश पाये गये। जिनमें 08 दुधारू हैं। गौशाला में 1 केयरटेकर व 14 गौपालकों की नियुक्ति बताई गई। सही तरह से साफ-सफाई न होने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जताई गई। बीडीओ को निर्देश दिया कि पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण लिया जाए कि लापरवाही में क्यों न निलंबित कर दिया जाये। जिलाधिकारी द्वारा उपस्थिति पंजिका से उपस्थिति का मिलान किया गया। जिलाधिकारी द्वारा दिसंबर महीने के खर्चे का हिसाब चेक किया गया। गौशाला के मैनेजर द्वारा कोई भी कार्य सही ढंग से नहीं किया जा रहा है।
प्रधान द्वारा बताया गया कि गौशाला में रोज 25 से 26 कुंतल भूसा खर्च हो रहा है। बीडीओ ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोई भी आवारा जानवर छुट्टा नहीं घूम रहा है। जिलाधिकारी द्वारा गौशाला की खराब स्थिति पर सीवीओ व बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया। जिलाधिकारी द्वारा डीडीओ को निर्देशित किया कि सभी बीडीओ व ईओ से ये प्रमाण-पत्र लिया जाए कि उनके क्षेत्र में कोई भी खुला गौवंश नहीं है। सभी को गौशाला मैं रखा गया है। गायों को चारा सही से दिया जाये। गौशाला में कुल 550 बीघे जमीन है। जिससे 20 बीघे पर शेड व 95 बीघे में चारा बोया गया है। बाकी खाली है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि गौशाला की खाली पड़ी जमीन पर चारा, जौ बरसीम नैपियर घास उगाई जाये। जिसका उपयोग गौशाला में किया जाये। जो शेष बचे उसको उपजिलाधिकारी, सीवीओ व बीडीओ की समिति की निगरानी में बाजार में बेंचा जाये। जिससे गौशाला की आय बढ़ाई जा सके। गौवंश के गोबर व पेशाब के सही इस्तेमाल के निर्देश दिए एवं गौशाला की रंगाई पुताई कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाओं को 15 दिन में ठीक कर लिया जाये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
