अलाव के सहारे कटा दिन, नहीं निकली धूप
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पारा दिनोंदिन गिरता जा रहा है। सर्दी सुर्ख होने से लोगों का पूरा दिन अलाव के सहारे कट रहा है। वहीं लोगों का कहना है कि इतनी सर्दी पडऩे के बावजूद भी नगर पालिका अलाव नहीं जलवा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को शायद सर्दी का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पूरे दिन धूप के दर्शन नहीं हुए। हल्की फुहार सी पड़ती रही। लोगों ने जल्दी काम निपटाकर घरों की ओर रुख किया। वहीं कचहरी में भी शाम 4 बजे के बाद सन्नाटा पसर गया। प्रतिष्ठानों के बाहर लोग अलाव जलाते नजर आये। उनका कहना था कि वह अपने निजी पैसे से लकड़ी खरीदकर अलाव जलवा रहे हैं। नगर पालिका की ओर से अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गयी। सर्दी में ब्लोअर, लकड़ी का कोयला आरा मशीनों पर सूखी लकड़ी नहीं मिल रही है। अगर मिल भी रही है तो वह गीली लकड़ी है। जो जलती नहीं। वहीं कोयले के भी दाम आसमान पर पहुंच गये हैं। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग ठिठुरते नजर आये। सबसे ज्यादा भीड़ चायपान की दुकानों पर देखी गयी। लोग सर्दी से बचने के लिए चाय की चुस्कियां लेते नजर आये। शाम होते ही कोहरे की चादर ने आसमान को ढक लिया। आज सुबह भी कोहरे की चादर आसमान को ढके रही। सर्दी के चलते प्रशासन ने कक्षा 1 से लेकर कक्षा ८ तक के स्कूल १४ जनवरी तक के लिए बंद कर दिये हैं।